NOW HINDUSTAN. Korba. राजापाकर (वैशाली)। जाफरपट्टी ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। सभा स्थल पर सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों की भीड़ जुटने लगी। छोटे-छोटे बच्चे मोदी के कटआउट लेकर ‘मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए। बच्चों ने बताया कि वे पहली बार प्रधानमंत्री मोदी को देखने आए हैं।
सभा में जीविका समूह की महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से जीविका महिलाओं को बसों के माध्यम से सुबह करीब 6 बजे ही सभा स्थल पहुंचाया गया। संगठन की ओर से बसों में खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी।
सभा स्थल के पार्किंग जोन में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंची बसों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ विपक्षी दलों से जुड़े लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दी।
भीड़ के कारण जाफरपट्टी पंचायत की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस प्रशासन ने धीरे-धीरे रास्ते खाली कराते हुए लोगों को सभा स्थल तक पहुंचने में मदद की। पूरे क्षेत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
