ब्रेकिंग न्यूज़ :- कोरबा पुलिस ने सुलझाया सराफा व्यापारी के अंधे कत्ल का मामला, 6.25 लाख की संपत्ति बरामद दो भाई निकले मास्टरमाइंड, एक आरोपी फरार, पुलिस की 14 टीमें जुटीं थीं जांच में…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा शहर के बीचों-बीच हुई सराफा व्यापारी गोपाल राय सोनी की नृशंस हत्या और लूट के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सूरज पुरी गोस्वामी फरार है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

- Advertisement -

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के नेतृत्व में 14 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण और तकनीकी जांच की।

हत्या और लूट की योजना

घटना 5 जनवरी 2025 की रात लालूराम कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी गोपाल राय सोनी की हत्या और लूट से संबंधित है। मृतक का ड्राइवर आकाश पुरी गोस्वामी और उसका भाई सूरज पुरी गोस्वामी मुख्य साजिशकर्ता निकले। इन्होंने अपने साथी मोहन मिंज के साथ मिलकर अमृता ज्वेलर्स की चाबी चुराने और लूटपाट की योजना बनाई थी।

 

 

 

घटना की रात का घटनाक्रम

हत्या के दिन, आकाश ने सूरज और मोहन को घर के अंदर घुसने का संकेत दिया। सूरज और मोहन ने घर में घुसकर अटैची चुराने की कोशिश की। गोपाल राय सोनी द्वारा विरोध करने पर सूरज ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी घर से मृतक की क्रेटा कार, अटैची और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और संदिग्ध की पहचान

जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश दिखाई दिए। संदिग्धों की पहचान के लिए शहर के 370 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मोहन मिंज को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसने घटना में अपनी और अन्य आरोपियों की संलिप्तता स्वीकार कर ली।

बरामदगी और गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हुण्डई क्रेटा कार, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

1. आकाश गिरी गोस्वामी (24), निवासी कुआभट्ठा।

2. मोहन मिंज (23), निवासी कुआभट्ठा।

 

मुख्य आरोपी सूरज पुरी गोस्वामी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस की सराहनीय कार्रवाई

इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के साथ, एएसपी यूबीएस चौहान, सीएसपी भूषण एक्का, सायबर सेल और कोरबा पुलिस की 80 से अधिक कर्मियों की टीमें शामिल थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या और लूट के इस मामले का खुलासा किया, जिससे शहरवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

फरार आरोपी पर पुलिस की नजर

मुख्य आरोपी सूरज पुरी गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।

Share this Article