कोरबा। फ्लोरा मैक्स निजी कंपनी से ठगी का शिकार हुई महिलाओं के द्वारा माइक्रो फायनेंस बैंकों से लिए गए अपने नाम के कर्ज माफी की मांग की जा रही है। आज रविवार को आईटीआई तानसेन चौक पर कोरबा जिले के अलावा दूसरे जिलों से आई पीड़ित महिलाओं के द्वारा चक्का जाम कर दिया गया। दोपहर करीब 1 बजे किए गए चक्काजाम के दौरान कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम को बालको की ओर से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया था। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर पहले से ही श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन,कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल, पूर्व गृह मंत्री ननकी राम मौजूद थे। इधर जब रामविचार नेताम के आने की जानकारी महिलाओं को हुई तो उन्होंने वनवासी आश्रम के सामने एकत्र होकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। शाम करीब 4 बजे कार्यक्रम समाप्ति के बाद श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम जब वहां से रवाना होने के लिए अपने वाहन में बैठे तो वनवासी आश्रम के परिसर पर ही महिलाओं ने इनका काफिला रोक दिया। मजबूरन दोनों मंत्रियों को कार से उतरकर वापस कार्यक्रम स्थल पर जाना पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से चैनल गेट को बंद कर दिया गया है।
- Advertisement -

पुलिस विभाग के जवानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक प्रदर्शनकारी महिलाओं को आश्रम से बाहर निकलने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं किसी की बातों को ना सुनते हुए ही गेट पर ही बैठ गई । इस बीच पुलिस और महिलाओं के बीच में जमकर खींचातानी भी हुई । इसके बाद कई घंटे तक दोनों ही मंत्री वनवासी कल्याण आश्रम के अंदर बैठे रहे । फिर कैबिनेट मंत्री राम विचार नेता खुद चलकर महिलाओं के पास पहुंचे और उनसे बात करने का प्रयास किया और उन्हें हर संभव कार्यवाही का आश्वासन दिया ।
इस अवसर पर कोरबा कलेक्टर ने भी महिलाओं को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनके लिए हर प्रकार की कार्रवाई कर रही है लेकिन उसके बाद भी महिलाये लोन माफी की मांग को लेकर आड़ी रही । काफी देर बाद कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम के आश्वासन के बाद महिलाओं ने आंदोलन को समाप्त किया। जिसके बाद ही मंत्री जी का काफिला रवाना हुआ ।


