अल्प प्रवास पर कोरबा पहुंचे गौतम अडानी , पताड़ी संयंत्र का दो घंटे तक किया निरीक्षण , 800 मेगावाट की दो इकाई विकसित करने की योजना…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

KORBA:देश के मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी ने रविवार कोरबा का दौरा किया और लैंको पावर प्लांट का निरीक्षण किया। उनके इस दौरे से लैंको प्लांट को नई जिंदगी मिलने की उम्मीद है, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी खुलने की संभावना है।

- Advertisement -

गौतम अडानी अपने चार्टर्ड प्लेन से रायपुर और रायगढ़ होते हुए हेलीकाप्टर से पताढ़ी स्थित अडानी पॉवर लिमिटेड (लैंको अमरकंटक) पहुंचे। उन्होंने लगभग दो घंटे तक प्लांट में बिताए और इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने प्लांट के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्लांट की कार्यक्षमता और उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त की। यूनिट क्रमांक 1, 2 सहित 3 एवं 4, सीएचपी, राखड़ बांध का अवलोकन किया। उनके साथ सीईओ, प्लांट हेड, प्रोजेक्ट हेड सहित अन्य अधिकारी/पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौतम अडानी ने संयंत्र के बाहरी क्षेत्र का भी अवलोकन किया। लंच के दौरान उन्होंने अधिकारियों से गहन विचार विमर्श किया। लगभग 2 घंटे रुकने के बाद लगभग 3 बजे उन्होंने संयंत्र से रवानगी ली।

सूत्रों के अनुसार, गौतम अडानी लैंको अमरकंटक में और भी विस्तार के मूड में हैं। उनके इस दौरे से क्षेत्र में आर्थिक विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है। अडानी ग्रुप के इस विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय हैं की गत वर्ष माह सितंबर में अडानी पॉवर लिमिटेड ने लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड का अधिकारिक रूप से अधिग्रहण किया था। वर्तमान में उक्त संयंत्र से 600 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। अधिग्रहण के दौरान दूसरे चरण के तहत यूनिट क्रमांक 3 एवं 4 का काम बंद था।अडानी पॉवर लिमिटेड ने 1320 मेगावाट क्षमता वाले यूनिट 3 एवं 4 को पूरा करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए 292 करोड़ रुपए का ठेका पॉवर मेक प्रोजेक्ट को दिया है। अडानी पॉवर की तीसरे चरण के तहत 800 मेगावाट की दो इकाई विकसित करने की योजना है। ये इकाइयां सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी।

Share this Article