पाली हत्या और दंगा कांड में पुलिस ने दर्ज की पांच एफआईआर…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
4 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा. कोयले के कारोबार पर वर्चस्व को लेकर सरायपाली खदान क्षेत्र में कोल लिफ्टर रोहित जायसवाल की हत्या और इसके बाद पाली में हुई दंगा के मामले में पुलिस ने पांच एफआईआर दर्ज किया है। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस की ओर से दर्ज इस एफआईआर में घटना के दिन हुए सभी बातों का जिक्र किया गया है।

- Advertisement -

बताया गया है कि कोल लिफ्टर रोहित जायसवाल को 28 मार्च की रात 10.20 बजे खदान के गेट के पास मारकर फेंक दिया गया था। घटना के लिए रोहित के भाई अनिल जायसवाल ने भाजपा नेता व मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर, उसके भाई गौरव और रोशन सिंह के गुट में शामिल लोगों का नाम बताया है। इस मामले में पुलिस ने रोशन सिंह ठाकुर और उसके गैंग पर गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने, हत्या के लिए इसका इस्तेमाल करने, एक स्थान पर अपराध के मकसद से भीड़ को एकत्र करने, अपराध की साजिश रचने आदि धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। कोल लिफ्टर की हत्या के बाद पाली में तनाव बढ़ गया था और दंगा की स्थिति भी निर्मित हुई। पुलिस ने अपनी धाराओं में दंगाइयों द्वारा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, घरों में घुसकर गाली-गलौज और धमकाने का केस भी दर्ज किया है। पुलिस की ओर से इस मामले में कुल पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक एफआईआर लक्ष्मी प्रजापति की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है। इसमें कहा गया है कि घटना की रात कन्हैया प्रजापति लक्ष्मी के पाली महामाया रोड स्थित मकान के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। लक्ष्मी के परिवार को धमकी दे रहा था। लक्ष्मी का कहना है कि रोशन सिंह ठाकुर के घर के पास ही उसका मकान है।

घटना के दिन कन्हैया लाल जायसवाल और उसके गैंग में शामिल लड़के घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे. और लक्ष्मी के बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस की एफआईआर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी का भी नाम आया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कन्हैया लाल संजय भावनानी के इशारे पर यह सब कर रहा था। घटना की रात दंगाइयों ने रोशन के करीबियों के साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया था और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी। एक कार को आग के हवाले कर दिया था। स्कार्पियो का भी शीशा तोड़ दिया था। सुशांत सिंह के पिता से भी मारपीट किया था।

हर स्थिति पर पुलिस की नजर चप्पे चप्पे पर तैनात

इधर पाली में स्थिति सामान्य हो रही है। हालांकि अभी भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। इसे देखते हुए पुलिस ने हत्या के मुख्य अभियुक्त रोशन सिंह ठाकुर और उसके घर के आसपास स्थित अन्य आरोपियों के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया है। इधर पाली के चौक-चौराहों पर भी रविवार को कुछ कुछ क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती देखी गई। पुलिस ने पाली क्षेत्र में सामान्य दिनों की तुलना में घटना के बाद गश्त भी बढ़ा दिया है। कुछ देर के अंतराल पर पुलिस की पेट्रोलिंग घूम रही है। बाजार भी रविवार को खुला हुआ था।

Share this Article