NOW HINDUSTAN. कोरबा-पश्चिम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। इस कड़ी में 31 मार्च को उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों में महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर स्थानीय जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर नगर के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
इस कड़ी में उन्होंने नगर के विकास को गति देने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 12 गजरा में स्थित शिव मंदिर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद क्रमशः वार्ड क्रमांक 9 (अंबेडकर नगर) में आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 10 (चौपाटी से विनायक पब्लिक स्कूल तक) सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 12 में सीसी रोड, वार्ड क्रमांक 13 (कटाईनार के शिव मंदिर चीफ हाउस से खेत वाले रास्ते होते हुए मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण) तथा वार्ड क्रमांक 14 (गुड़ीपारा सामुदायिक भवन से सेवक दास घर तक आरसीसी नाली निर्माण) के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
- Advertisement -
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है, आगे भी सभी वार्डों में लगातार विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा और बांकीमोंगरा को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्षा ने अपने संबोधन में कहा कि बांकीमोंगरा को आदर्श नगर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं समस्त पार्षद मिलकर शहर को सर्वश्रेष्ठ नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करेंगे। इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और नगर में हो रहे विकास कार्यों के लिए नगर पालिका परिषद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से नगर के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास होगा और जनता को सुविधाएं मिलेंगी। बांकीमोंगरा में विकास कार्यों की यह पहल आने वाले समय में नगर को एक नए स्वरूप में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उक्त कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर, सभी वार्डों के पार्षदगण, प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, मंडल महामंत्री अश्वनी साहू, हनुमान पांडे, मंडल प्रभारी सतीश झा, महिला मोर्चा महामंत्री अनिता राजपूत, मुकेश झा, मोहित सिंह, प्रमोद सोना, प्रकाश झा, आदित्य चौधरी, गोवर्धन कंवर, बाबुराव सहित नगर पालिका के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

