अपराध सिद्ध होने पर एएसआई के हत्यारे को न्यायालय ने दी उम्रकैद की सजा……

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा जिलान्तर्गत पुलिस विभाग के थाना बांगो आवासीय बैरक में ड्यूटी के बाद रात्रि विश्राम कर रहे एएसआई नरेंद्र सिंह परिहार की 2 साल पूर्व नृशंस हत्या कर दी गई थी। उनके हत्यारे को न्यायालय ने दोष सिद्द पाते हुए आजीवन कारावास की सजा व अर्थदंड से दंडित किया है।

- Advertisement -

घटना लगभग 2 वर्ष पूर्व 9-10 मार्च 2023 की है, जहां बांगो थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार पर मध्य रात्रि अज्ञात हमलावर के द्वारा उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में धारदार हथियार टांगी से हमला किया गया जिससे उनकी मृत्यु हो गई। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक यू. उदयकिरण के निर्देश व मार्गदर्शन में कटघोरा एसडीओपी ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, थाना प्रभारी बांगो निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में सायबर टीम की मदद से कथित आरोपी निवासी ग्राम ठीहाईपारा कोनकोना, थाना बांगो को गिरफ्तार किया गया। नदी के किनारे मिले इस संदेही ने पूछताछ करने पर अपना अपराध स्वीकार किया। जिसके आधार पर उसे न्यायिक रिमांड पर कटघोरा न्यायालय पेश किया गया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।

तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश, कटघोरा एच.के. रात्रे द्वारा संपूर्ण मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी को दोष सिद्द पाने पर धारा 450 भा द वि में 7 वर्ष की सजा तथा धारा 302 में आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है। उसे अर्थदंड भी देना होगा, राशि भुगतान न करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। प्रकरण में अतिरिक्त लोक अभियोजक दिलीप झा के द्वारा अभियोजन की ओर से कुशल पैरवी की गई ।
बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस, सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक सनत सोनवानी व संयुक्त टीम में शामिल पुलिस कर्मियों की अहम भूमिका पूरे मामले को सुलझाने में रही।

Share this Article