NOW HINDUSTAN. Korba. छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही 3 दिवसीय कलम बंद-काम बंद हड़ताल के तहत कोरबा जिले के अधिकारी-कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते जिले के कई शासकीय कार्यालयों का कामकाज पूरी तरह से ठप्प पड़ गया है।
- Advertisement -
29 से 31 दिसंबर तक हड़ताल का ऐलान
फेडरेशन द्वारा 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा की गई है। इसी क्रम में कोरबा जिले के अधिकारी-कर्मचारी तानसेन चौक पर एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन
हड़ताल कर रहे अधिकारी-कर्मचारी अवकाश संबंधी मांगों, महंगाई भत्ते में वृद्धि, वेतन विसंगतियों को दूर करने सहित कुल 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
जिला पदाधिकारियों ने दी जानकारी
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तरीय निर्णय के तहत कोरबा जिले में भी हड़ताल की शुरुआत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
* शासकीय कामकाज ठप्प, आम जनता परेशान
हड़ताल के चलते प्रशासनिक और अन्य शासकीय कार्यालयों में काम पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। रोजमर्रा के कामों के लिए कार्यालय पहुंचे नागरिकों को बिना काम हुए मायूस लौटना पड़ रहा है, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

