NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया की सक्रियता और विकासोन्मुखी सोच के चलते ग्रामीण अंचलों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 23.50 किलोमीटर लंबाई की ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
- Advertisement -
इन परियोजनाओं पर ₹2175.59 लाख (GST सहित) की लागत प्रस्तावित है। यह स्वीकृति बैच-I, वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दी गई है। प्रस्तावित सड़कें करतला एवं कोरबा विकासखंड में निर्मित की जाएंगी, जिससे वर्षों से बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ा जा सकेगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। स्वीकृत परियोजनाओं में चोरभट्टी से तराईमार वाया कछार (7.40 किमी) सबसे लंबा मार्ग है, जिसकी अनुमानित लागत ₹696.87 लाख तय की गई है। इसके अलावा करतला विकासखंड में बेहरचुंवा रोड से बिंझकोट, नोनदरहा मेन रोड से बरभाठा तथा चिचोली रोड से मैनपारा मार्गों को शामिल किया गया है।
कोरबा विकासखंड में चाकामार मेन रोड से हथीमुढ़, गोढ़ी मेन रोड से दैहानभाठा, बासीन रोड से कोदवारी एवं सुर्वे मेन रोड से अकदाहा तक सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कें केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और आर्थिक प्रगति की रीढ़ होती हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

