- Advertisement -
NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा के रजगामार चौकी इलाके में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज साइट पर बुधवार दोपहर को बड़ा हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार गिट्टी से भरा ट्रेलर खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई। वह पास खड़े ट्रेलर का स्टेपनी बदल रहा था। मृतक मूल रूप से बिहार का निवासी था और कोरबा में काम कर रहा था। हादसे के बाद ट्रेलर का चालक फरार हो गया। मजदूरों का आरोप है कि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई, क्योंकि साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं थे और वाहन अकेले खाली किया जा रहा था। हादसे से गुस्साए मजदूर अब जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं।
मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय यह हादसा हुआ। वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने घटना की विस्तृत जांच की मांग की है।

