कांग्रेस का आरोप भाजपा ने चुनाव के बीच संसद का विशेष सत्र राजनीतिक लाभ के लिए बुलाया, कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं, 2023 में पारित बिल को लागू करें सरकार…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
4 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा. कांग्रेस नेता व प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस विधानमंडलों में महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। पार्टी 2023 में पारित बिल को लागू करने की मांग करती है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा ने राजनीति लाभ के लिए पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के बीच संसद का तीन दिवसीय सत्र बुलाकर महिला आरक्षण विधेयक को पेश किया। इसका राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया।

- Advertisement -

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल कोरबा में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है। बल्कि इसके अधूरे और भ्रामक स्वरूप के खिलाफ है। पांच राज्यों के चुनाव के दौरान भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। आनन फानन में महिला आरक्षण बिल लाया गया, जो कि वास्तव में महिलाओं के आरक्षण या उन्हें अधिकार देने के लिए नहीं है। बल्कि बीजेपी को राजनीतिक लाभ दिलवाने के लिए है। जनता अब यह समझ चुकी है, वह भाजपा के झांसे में नहीं आएगी।

अग्रवाल ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर भाजपा सरकार महिलाओं के साथ छल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक समग्र और संतुलित नहीं है, बल्कि राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर जल्दबाजी में लाया गया प्रतीत होता है। बिल में अन्य पिछड़ वर्ग और वंचित वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान नहीं है इससे पिछड़े वर्ग की महिलाओं को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाएगा, जो सामाजिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ है। पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि इस कानून को जनगणना और परिसीमन से जोड़ देना इसकी सबसे बड़ी खामी है। इसके लागू होने में कई वर्ष लग सकती है।

जयसिंह ने सवाल उठाया कि यदि सरकार की मंशा साफ है तो इसे तत्काल लागू करने की स्पष्ट समयसीमा क्यों नहीं तय की गई है? अग्रवाल का आरोप है कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर यह कदम वास्तव में राजनीतिक छवि सुधारने और वोट बैंक साधने की रणनीति ज्यादा लगता है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में सीटों को बढ़ाया जाना कोई नई बात नहीं है। परिसीमन पहले भी होता रहा है, लेकिन वर्तमान में नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। 2011 की जनगणना को आधार मानकर परिसीमन किया जा रहा है जो कि गलत है।

श्रम मंत्री देवांगन पर फिर तीखा हमला

अग्रवाल ने भाजपा सरकार में श्रम व उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन पर एक बार फिर तीखा हमला बोला। कहा कि मेरे परिवार के लोग ठेकेदारी करते हैं। मेरे बेटे पहले से ही व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। मंत्री देवांगन के पिता भी एक समय ठेकेदारी किया करते थे। यह कोई गुनाह नहीं है, लेकिन मंत्री लखनलाल की तरह मैंने कभी यह नहीं कहा कि मैं झोपड़ी में रहता हूं। देवांगन का 18 कमरों का कोहड़िया में मकान है, जो महल से कम नहीं है। वह किस हिसाब से झोपड़ी है?

यह भी आरोप लगाया कि कोहड़िया स्थित मंत्री के निवास में उनके बेटे, भाई, भतीजे सबका अलग-अलग चैंबर बना हुआ है। इस घर में कोरबा जिले में संचालित होने वाले अवैध कार्यों को संरक्षण देने के बदले वसूली चलती है। जयसिंह ने दावा किया कि उन्हें भाजपा के लोग नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताते हैं कि सभी अलग-अलग कमरों में बैठकर वसूली कर रहे हैं। वहां से अवैध कार्यों को संरक्षण दिया जा रहा है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।

Share this Article