सीईओ पर मनमानी का आरोप, अध्यक्ष व सदस्यों ने की प्रदर्शन व नारेबाजी…….

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
5 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba.  जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों और सीईओ के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित कई अन्य सदस्यों ने सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय के बाहर धरना देकर सीईओ दिनेश कुमार नाग के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। अध्यक्ष व सदस्यों ने सीईओ पर मनमानी करनें, सदस्यों की अनदेखी करने करने का आरोप लगाया।

- Advertisement -

सोमवार को कलेक्टोरेट में डीएमएफ के शासी परिषद की बैठक थी। सदस्यों के अनुसार बैठक से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य सदस्य सीईओ से मिलकर अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा करना चाहते थे। उनका कहना है कि इसके लिए जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कई घंटे तक जिला पंचायत के कार्यालय में इंतजार किया, लेकिन इसके बाद भी सीईओ उनसे नहीं मिले। इसी बात को लेकर सदस्यों का गुस्सा भड़क गया। इससे नाराज अध्यक्ष और सदस्यों ने जिला पंचायत कार्यालय के के मुख्य गेट के बाहर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने सीईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। धरना-प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक जिला पंचायत परिसर का माहौल गर्माया रहा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि लगातार जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सदस्यों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उत्तका कहना था कि जनता ने उन्हें समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए चुना है,

लेकिन अधिकारियों के रवैये के कारण वे अपने क्षेत्र की समस्याएं तक नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को वे और अन्य सदस्य जिला पंचायत कार्यालय में तीन घंटे से ज्यादा समय तक सीईओ का इंतजार करते रहे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। अध्यक्ष ने इसे चुने हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति गलत रवैया बताते हुए कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो जनप्रतिनिधि आगे जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठकों में शामिल नहीं होंगे। डॉ. पवन सिंह ने यह भी कहा कि जब जनप्रतिनिधियों के काम नहीं हो रहे हैं तो बैठकों में शामिल होने का कोई मतलब नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि इससे शासन और प्रशासन की छवि भी खराब हो रही है। अध्यक्ष व सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर जनप्रतिनिधियों की मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो तो जिला पंचायत कार्यालय में ताला जड़ने का कदम उठाएंगे।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अन्य जिला पंचायत सदस्यों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की और निर्माण कार्यों में कमीशन को लेकर भी आरोप लगाया। सदस्यों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामलों में अधिकारियों का सहयोग नहीं मिल रहा है। इससे क्षेत्र की आम जनता भी परेशान हो रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर जिला पंचायत सीईओ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनसे जानकारी के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

मंत्री ने कहा- मामला गंभीर

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सीईओ के रवैये को लेकर मंत्री लखनलाल देवांगन से भी शिकायत की है। डीएमएफ शासी परिषद की बैठक में पहुंचे मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस मामले को लेकर मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों ने सीईओ पर मनमानी करने, निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी व अन्य शिकायतें की है। इस बारे में कलेक्टर व सीईओ से बात कर समाधान करेंगे, मामला गंभीर है। अगर बातचीत से निराकरण नहीं होता है तो इसको लेकर शासन स्तर पर चर्चा करेंगे।

Share this Article