छुरी के राज ज्वेलर्स डकैती कांड का तीसरा मास्टरमाइंड कर्नाटक से गिरफ्तार, जेल से छूटने के बाद बनी थी लूट की साजिश…..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज डकैती मामले में कटघोरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के फरार तीसरे और मास्टरमाइंड आरोपी विष्णु राठिया को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर व एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कटघोरा थाना प्रभारी एमबी पटेल व उनकी टीम ने इस डकैती की वारदात में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हासिल की है।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, विष्णु राठिया ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पूरी डकैती की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के दौरान वह लड़की के भेष में राज ज्वेलर्स पहुंचा था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर तीसरे आरोपी विष्णु राठिया की तलाश लगातार जारी थी। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले जेल में बंद रह चुके थे, जहां उनकी दोस्ती हुई। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने आर्थिक लाभ के लिए डकैती की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

 

पुलिस जांच के दौरान डकैती में लूटा गया सामान धरमजयगढ़ क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। वहीं फरार आरोपी विष्णु राठिया गिरफ्तारी से बचने के लिए कर्नाटक के श्री सत्य साईं जिले के हिंदुपुरम स्थित एक कंपनी में छिपकर काम कर रहा था। कटघोरा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी विष्णु राठिया पर अपराध क्र 237/26 धारा 309(6), 61 (2), (A) BNS 25 आर्म्स एक्ट में उक्त कार्यवाही की गई।गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर कोरबा लाया गया, जहां उससे डकैती से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी। कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई को डकैती कांड के खुलासे में बड़ी सफलता माना जा रहा है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित मामले का लगभग पूरा खुलासा हो गया है।

Share this Article