“80% राशि निकालकर अधूरा छोड़ दिया स्कूल भवन! पूर्व सरपंच पर सरकारी धन गबन का आरोप, जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांगी वसूली और कार्रवाई”
- Advertisement -
NOW HINDUSTAN. कोरबा। कोरबा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर पर निर्माण कार्यों की राशि आहरित कर कार्य अधूरा छोड़ने तथा शासकीय राशि के कथित गबन का आरोप लगाया है। शिकायत में राशि की वसूली कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2022 में स्वीकृत स्वामी आत्मानंद स्कूल रिनोवेशन कार्य के लिए स्वीकृत राशि का लगभग 80 प्रतिशत भुगतान निकाल लिया गया, लेकिन निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं कराया गया। इसके कारण विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने का दावा किया गया है। आरोप है कि सरकारी राशि निकालने के बावजूद निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक मद से स्वीकृत मंच एवं परची (शेड) निर्माण कार्य की राशि भी आहरित कर ली गई, लेकिन संबंधित निर्माण आज तक पूरा नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अधूरी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो पूर्व सरपंच से शासकीय राशि की वसूली करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा सहित विभिन्न अधिकारियों को भी भेजी गई है।
