NOW HINDUSTAN. Korba अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (ABPSS) ने देशभर के पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्र पत्रकारिता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री को पत्र प्रेषित कर सम्पूर्ण भारत में “पत्रकार सुरक्षा कानून” लागू करने की मांग की है।
- Advertisement -
समिति के राष्ट्रीय संगठन महासचिव महफूज़ खान ने बताया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज एवं शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। अनेक पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय धमकियों, हमलों, झूठे मुकदमों एवं विभिन्न प्रकार के दबावों का सामना करते हैं। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक प्रभावी एवं समान राष्ट्रीय कानून की आवश्यकता है।
समिति ने अपने पत्र में आग्रह किया है कि केंद्र सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की दिशा में आवश्यक पहल करे।
इस संबंध में भेजे गए पत्र पर संबंधित विभाग द्वारा Grievance Token ID: DIS/URDM/MUMS/2026/940 जारी कर आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की गई है तथा प्रकरण वर्तमान में विचाराधीन है।
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने देशभर के पत्रकारों, मीडिया संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं से इस जनहित अभियान का समर्थन करने और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया है।
