NOW HINDUSTAN. Korba. कहते हैं कि गुरु भगवान के बराबर होता है ।बच्चों को शिक्षित बनाकर एक अच्छा इंसान बनाता है लेकिन वही गुरु जब रास्ता भटक जाए तो क्या होगा । जिले पोड़ी उपरोड़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरभोका स्थित आश्रम शाला के एक शिक्षक का कथित रूप से शराब के नशे में गांव में घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि आश्रम शाला में पदस्थ शिक्षक राजेश कुमार बंजारे शाला समय के दौरान शराब के नशे में पाए गए, Batch बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
- Advertisement -
ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक को नशे की हालत में देखकर इसकी सूचना तत्काल ग्राम सरपंच को दी गई। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में कुछ दिन पहले ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से लिखित एवं मौखिक शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद बीईओ स्वयं सरभोका आश्रम शाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।ग्रामीणों का कहना है कि आश्रम शाला में करीब 130 से 135 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि यहां केवल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। आरोप है कि इनमें से दो शिक्षक अक्सर शराब के नशे में रहते हैं तथा नियमित रूप से अनुपस्थित भी रहते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों ने दावा किया कि पिछले 13 से 14 वर्षों से संबंधित शिक्षकों का यही रवैया बना हुआ है। कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है।वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
