NOW HINDUSTAN कोरबा। शहर में शनिवार सुबह हुई तेज बारिश ने दादर नाले की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी। बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो वाहन नाले के पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, दादर नाले में जलभराव की समस्या पिछले 5 से 7 वर्षों से लगातार बनी हुई है। हर बारिश के मौसम में नाला उफान पर आ जाता है और आसपास के इलाकों में पानी भरने के साथ ही घरों में पानी घुसने का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान लोगों को आवागमन और घरों की सुरक्षा को लेकर परेशानी उठानी पड़ती है।
रहवासियों का आरोप है कि समस्या सामने आने के बाद जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचते हैं। स्थिति का जायजा लेने और समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया जाता है, लेकिन बारिश खत्म होते ही मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है। कई वर्षों से समस्या कायम रहने के बावजूद अब तक नाले की सफाई, जल निकासी और स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
शनिवार को बारिश के बीच स्कॉर्पियो के नाले में डूबने की घटना ने एक बार फिर दादर नाले की सफाई और शहर की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान हालात बिगड़ने का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को पहले से प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए।
रहवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से दादर नाले की तत्काल सफाई कराने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नाले के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

