NOW HINDUSTAN. Korba. बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में राखी पर्व के दौरान पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भांजा-भांजी के साथ पूर्व में हुए विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें छोटे भाई ने लोहे के सब्बल से बड़े भाई के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को राखी पर्व मनाने के लिए परिवार के सदस्य सुभाष कुर्रे के घर पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे सुभाष के छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे (36) ने भांजा-भांजी को गाली-गलौज करने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सुदर्शन पहले लाठी लेकर सुभाष से मारपीट करने लगा। परिजनों ने किसी तरह लाठी छीन ली।
इसके बाद आरोपी अपने घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 619/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव में ही छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सुदर्शन कुर्रे को उसके गांव से 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। मामले की कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सिरगिट्टी पुलिस द्वारा की गई।

