NOW HINDUSTAN. छत्तीसगढ़ की अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को कोरबा के प्रमुख चौक पर स्थापित करने की मांग एक बार फिर उठने लगी है। छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की ओर से नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक में भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग जिला प्रशासन और निगम प्रशासन से की है।
दरअसल, कुछ वर्ष पूर्व एक संगठन द्वारा कोरबा में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित की गई थी, लेकिन बाद में शासन द्वारा उसे जप्त कर जिला पुरातत्व संग्रहालय में रखवा दिया गया था। अब एक बार फिर छत्तीसगढ़िया सर्व समाज ने इस विषय को उठाते हुए टीपी नगर चौक में प्रतिमा स्थापना की मांग की है।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर का कहना है कि राज्य गठन के 26 वर्ष पूर्ण होने के बावजूद कोरबा के किसी प्रमुख चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित नहीं हो पाई है। जबकि यह प्रतिमा प्रदेश की सामाजिक एकता, लोक संस्कृति और गौरव का प्रतीक है।
अब एक बार फिर यह मांग सामने आने के बाद देखना होगा कि स्थानीय प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है और क्या कोरबा के टीपी नगर चौक में छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में कोई ठोस पहल होती है।
