Oplus_16908320
घर के सामने गिट्टी रखने को लेकर विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे भाई पर भी चाकू से हमला
NOW HINDUSTAN. कोरबा। शहर के सीतामणी क्षेत्र में घर के सामने गिट्टी पड़े होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना में रमेश साहू और उनके भाई विकास साहू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शिवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रमेश साहू का घर के सामने गिट्टी पड़े होने की बात को लेकर एक युवक से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान युवक द्वारा रमेश साहू पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
भाई को मुसीबत में देखकर विकास साहू बीच-बचाव करने पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन वे भी हमले की चपेट में आ गए और घायल हो गए। घटना के बाद दोनों भाइयों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की चर्चा
घटना के बाद यह जानकारी भी सामने आई है कि कथित आरोपी के खिलाफ पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। हालांकि, उसके आपराधिक रिकॉर्ड और घटना में उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से होना बाकी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से सीतामणी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
