NOW HINDUSTAN. कोरबा। जिले में तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर निगरानी बढ़ाते हुए 15 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। विशेष रूप से स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पुलिस नजर रख रही है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुकानदारों के विरुद्ध कोटपा एक्ट (COTPA) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान दर्री थाना क्षेत्र में 4, कुसमुंडा में 4, बांकीमोंगरा में 4 तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में 3 प्रकरण दर्ज किए गए।

कुल 15 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों की नियम विरुद्ध बिक्री तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर निगरानी जारी रहेगी। तंबाकू नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
