उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया अवलोकन, 128 गांवों में 1.80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच रहीं विकास योजनाएं
NOW HINDUSTAN कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कोरबा राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) का पैवेलियन आकर्षण का केंद्र रहा। यहां कंपनी ने औद्योगिक प्रगति, आधुनिक तकनीक और सामुदायिक विकास से जुड़ी अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। राज्योत्सव के मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बालको पैवेलियन का अवलोकन किया और कंपनी की गतिविधियों की जानकारी ली।
पैवेलियन में एल्युमिनियम उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया, अत्याधुनिक तकनीक और सतत विकास के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही बालको की प्रमुख सामुदायिक विकास परियोजनाओं उन्नति, मोर जल मोर माटी, वेदांता स्किल स्कूल, कनेक्ट कोचिंग प्रोग्राम, कोसाकरी, नंदघर और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
कंपनी की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहन तथा किसानों को सतत कृषि और बेहतर आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मोबाइल हेल्थ वैन के जरिए ग्रामीण एवं जरूरतमंद समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। शिक्षा, पारंपरिक हस्तशिल्प, ग्रामीण खेल और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बालको प्रबंधन के अनुसार, कंपनी छत्तीसगढ़ के पांच जिलों कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर के 128 गांवों में सामुदायिक विकास की विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। इन पहलों से 1.80 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोरबा की धरती से अपनी औद्योगिक यात्रा शुरू करने वाला बालको आज ऊर्जा, अधोसंरचना, परिवहन और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान दे रहा है। कंपनी औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सतत आजीविका को भी विकास का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए कार्य कर रही है। राज्योत्सव में बालको की प्रस्तुति ने औद्योगिक विकास और सामाजिक सहभागिता के बीच उसके प्रयासों को सामने रखा।
