Oplus_131072
NOW HINDUSTAN. कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलियामार में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। 9 नवंबर 2026 को पुलिस ने जुआ फड़ पर अचानक दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरियों में हड़कंप मच गया। किसी को भागने का मौका नहीं मिला और सभी 13 लोगों को पकड़ लिया गया।
32 हजार रुपये नकद सहित बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, जुए में दांव पर लगाए गए 32 हजार रुपये नकद, एक लाल गमछा, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये तथा मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। नगदी सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रधान पाठक और सरपंच का नाम आने से बढ़ी चर्चा
कार्रवाई में शासकीय प्राथमिक शाला पड़रिपानी में पदस्थ प्रधान पाठक गजेंद्र यादव और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच सहदेव आर्मो के पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। शिक्षा विभाग से जुड़े एक जिम्मेदार कर्मचारी और निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि का नाम जुआ खेलने वालों में शामिल होने से उनके आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं।
इन 13 आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शैलेंद्र जेम्स (45), कपिल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेंद्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुंजूज (25), शौभमन (41), चन्द्रभान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समार (31), सहदेव आर्मो (45) और एक अन्य आरोपी (30) शामिल हैं। सभी आरोपी पसान, तेलियामार, बैरा, बनखेता सहित आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।
जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई, मुचलके पर छोड़े गए आरोपी
पसान पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को मुचलके पर छोड़ दिया गया।
इस मामले के सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग और पंचायत प्रशासन की संभावित कार्रवाई पर निगाहें टिकी हुई हैं। क्या प्रधान पाठक के विरुद्ध विभागीय जांच होगी और क्या सरपंच के आचरण को लेकर पंचायत स्तर पर कोई कदम उठाया जाएगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
