बालको की पहल से महिलाओं को मिल रहा हुनर और रोजगार का अवसर, कोसाकारी प्रशिक्षण से मजबूत हो रहा आत्मविश्वास
NOW HINDUSTAN. Korba. हुनर जब हौसलों से मिलता है, तो आत्मनिर्भरता की नई राहें खुलने लगती हैं। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है कोरबा के शांतिनगर निवासी मीनाक्षी पटवा की, जो कभी घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित थीं, लेकिन आज कोसा बुनाई का हुनर सीखकर अपने सपनों को नई दिशा दे रही हैं। उनके हाथों में थामे धागे अब केवल कपड़े नहीं बुन रहे, बल्कि आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और स्वावलंबन की नई कहानी भी लिख रहे हैं।
सितंबर माह से शुरू हुआ लूम प्रशिक्षण का सफर आज मीनाक्षी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है। धागों को जोड़ने से लेकर लूम पर कपड़ा तैयार करने तक की बारीकियां वह पूरे उत्साह और लगन से सीख रही हैं। हर दिन का प्रशिक्षण उनके लिए कुछ नया सीखने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर बन रहा है।
मीनाक्षी को बालको की सामुदायिक विकास पहल से जुड़ी स्व सहायता समूह ‘नई किरण’ के माध्यम से कोसाकारी प्रशिक्षण की जानकारी मिली। समूह की महिलाओं से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आज वह इस अवसर को अपने जीवन में आर्थिक और सामाजिक बदलाव की एक महत्वपूर्ण शुरुआत मानती हैं।
अपने अनुभव साझा करते हुए मीनाक्षी कहती हैं, “इस प्रशिक्षण से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। सबसे अच्छी बात यह है कि आगे चलकर मैं अपनी सुविधानुसार काम कर सकूंगी। इससे परिवार की आर्थिक मदद करने के साथ ही अपने फैसले खुद लेने का अवसर मिलेगा।”
मीनाक्षी का सपना केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनने तक सीमित नहीं है। वह चाहती हैं कि उनके समूह की दूसरी महिलाएं भी इस हुनर को सीखें और अपनी पहचान बनाएं। उनका मानना है कि घरेलू जिम्मेदारियों के साथ भी महिलाएं अपनी रुचि और सुविधानुसार इस कला को सीखकर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं।
बालको द्वारा संचालित कोसाकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय पारंपरिक कला एवं कौशल को प्रोत्साहित करने के साथ महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इसके माध्यम से महिलाओं को पारंपरिक हुनर से जोड़कर उनमें कौशल विकास, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
मीनाक्षी की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो महिलाएं अपनी प्रतिभा के दम पर नई पहचान बना सकती हैं। आज उनके हाथों में कोसा के धागे हैं, आंखों में बेहतर भविष्य के सपने और मन में आत्मनिर्भर बनने का दृढ़ संकल्प।
धागों से हुनर बुन रहीं मीनाक्षी, हुनर से अपना भविष्य संवार रहीं मीनाक्षी।
