उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद
NOW HINDUSTAN. कोरबा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम के समीप स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, हथकरघा आयोग के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, एल्डरमैन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को आज पूरा देश याद कर रहा है। उन्होंने अपने संघर्ष, साहस और बलिदान से देश और समाज को नई दिशा दी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। जनजातीय समाज भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धा से ‘धरती आबा’ कहकर संबोधित करता है। उन्होंने आदिवासी समाज के हितों और अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा अंग्रेजों से अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस के साथ लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, तपस्या और बलिदान देश के लिए अमूल्य धरोहर है। उनके संघर्ष और विचारों को स्मरण करते हुए आज पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
