करोड़ों की लागत से शहर के प्रमुख मार्गों का होगा सुधार, निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी नागरिकों की नजर
NOW HINDUSTAN. कोरबा। शहर की जर्जर सड़कों से लंबे समय से परेशान नागरिकों और राहगीरों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत और डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में लंबे समय से बदहाल कोसाबाड़ी से घंटाघर मार्ग पर प्रगति कंस्ट्रक्शन द्वारा डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है।
इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता था। वहीं, चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों को आवागमन सुगम होने की उम्मीद जगी है।
शहर के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी सड़क सुधार और निर्माण की पहल से नागरिकों में बेहतर यातायात व्यवस्था की आस बढ़ी है। हालांकि, लोगों का कहना है कि डामरीकरण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मजबूती का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि कुछ ही महीनों में सड़कें फिर से जर्जर न हों।
गौरतलब है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी शहर की कई सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण कराया गया था, लेकिन कुछ स्थानों पर सड़कें जल्द ही दोबारा खराब हो गईं। ऐसे में इस बार निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी बेहद अहम होगी।
शहर के विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
कोरबा में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की भूमिका को लेकर भी चर्चा हो रही है। प्रमुख मार्गों पर डामरीकरण की शुरुआत को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब नागरिकों की उम्मीद है कि सड़क सुधार की यह पहल समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हो, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक राहत मिल सके।
