ग्राम पाली के जंगल में पहुंचा लोनर हाथी-ग्रामीणों को किया गया सतर्क * ड्रोन कैमरे से की जा रही निगरानी……

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba.   जिले के कटघोरा वनमंडल में हाथियों का आतंक बदस्तूर जारी है। यहां के पाली रेंज के ग्राम नगराही बतराभादा में विगत रात्रि एक लोनर हाथी की एंट्री हो गई। जिसे लेकर ग्रामीण दहशत में आ गए। इसकी सूचना वन विभाग को जैसे ही मिली उसके अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हाथियों की निगरानी करने के साथ गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का काम शुरू किया।

- Advertisement -

वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बताया कि क्षेत्र में एक लोनर हाथी जंगल के ओए-565 खंड के कक्ष क्रमांक पी-105 में विचरण कर रहा है, अतः इस ओर जाने से बचें तथा हाथी से दूरी बनाएं रखें। सूत्रों के अनुसार लोनर हाथी का क्षेत्र में आगमन चौतमा रेंज के रास्ते हुआ है। इससे पहले यह लोनर यहां के जंगल में पिछले दो दिनों से घूम रहा था। ग्रामीणों द्वारा खदेड़े जाने पर हाथी आगे बढकर पाली रेंज के जंगल पहुंच गया।

रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि वर्तमान में लोनर हाथी की मौजूदगी जंगल में बनी हुई है, जिसकी निगरान मैदानी अमले के साथ-साथ ड्रोन कैमरे के जरिए कराई जा रही है। वन विभाग की कोशिश है कि लोनर हाथी जंगल ही जंगल विचरण करते रहे और आबादी वाले क्षेत्रों में न पहुंचने पाए। इसके लिए रणनीति बनाकर काम किया जा रहा है। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज के कापानवापारा, परला तथा पसान के बनिया वन परिसर में तीन दर्जन से भी अधिक हाथी तीन अलग-अलग दलों में लगातार विचरण कर रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी जंगल में बनी हुई है।

Share this Article