
NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा।कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा की मेधावी एनसीसी कैडेट निकिता साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित “एक भारत श्रेष्ठ भारत” (EBSB) शिविर में शानदार प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट कैडेट (एस.डब्ल्यू.)” का खिताब अपने नाम किया। यह शिविर कर्नाटक के हसन जिले में आयोजित हुआ था, जिसका संचालन कर्नाटक एवं गोवा एनसीसी डायरेक्टोरेट द्वारा किया गया।
निकिता ने इस शिविर में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट के रायपुर ग्रुप से कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया। कर्नाटक एवं गोवा डायरेक्टेड और मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टेड से आए कैडेट्स के बीच उन्होंने अपने अनुशासन, लीडरशिप, सांस्कृतिक भागीदारी, सामान्य ज्ञान, परेड प्रदर्शन और ओजस्वी वक्तृत्व के दम पर सबका ध्यान आकर्षित किया।
निकिता साहू को यह राष्ट्रीय सम्मान स्वयं एयर कमोडोर बी. अरुण कुमार के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया, जो इस शिविर के मुख्य अतिथि थे। सम्मान के दौरान एयर कमोडोर ने निकिता की कार्यशैली, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें भविष्य की एक उज्जवल सैन्य अधिकारी की छवि बताया।
कर्नाटक के शिविर में उपस्थित कैडेट्स और अधिकारियों ने निकिता की मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व कौशल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की यह बेटी वास्तव में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की सच्ची प्रतिनिधि है।
इसके लिए कमला नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर 1 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा के कर्नल सेंथिल कुमार एवं कॉलेज के अनु एवं अधिकारियों ने प्रशंसा करते हुए सराहना की।




