NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। शहर के हृदयस्थल में स्थित सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे और युवा खेलकूद और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं, वहां चारों ओर फैली लापरवाही बच्चों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। मैदान के चारों कोनों में और बैठने वाले स्थानों के पास झाड़ियाँ और लंबी घास उग आई हैं, जिससे जहरीले सांप और बिच्छुओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
- Advertisement -
गौरतलब है कि ग्राउंड में ओपन जिम की भी सुविधा उपलब्ध है, लेकिन जिम क्षेत्र के चारों ओर भी बड़ी मात्रा में घास और झाड़ियाँ फैली हुई हैं। ऐसे में सुबह-शाम व्यायाम करने आने वाले बच्चों और नागरिकों को हर पल किसी अनहोनी का डर सताता है।
सीएसईबी चौकी के ठीक पीछे स्थित यह ग्राउंड खेल आयोजनों का प्रमुख स्थल है, जहां क्रिकेट, फुटबॉल और दौड़ जैसे खेलों के लिए स्थानीय युवा प्रतिदिन अभ्यास करते हैं। बावजूद इसके मैदान की नियमित सफाई और देखरेख पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर निगम एक ओर जहां शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं सीएसईबी प्रबंधन और निगम प्रशासन इस सार्वजनिक मैदान की उपेक्षा कर रहे हैं। यदि समय रहते मैदान की घास और झाड़ियों की कटाई नहीं की गई और सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मांग की है कि नगर निगम और सीएसईबी प्रबंधन तत्काल इस मामले में संज्ञान लें और ग्राउंड की साफ-सफाई तथा बच्चों की सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित करें।

