NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा जिले में संचालित वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के कर्मचारियों के लिए इस बार की दिवाली और भी खास होने जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने बोनस में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बीते साल कर्मचारियों को 1 लाख 64 हजार रुपए का बोनस मिला था, जबकि इस बार यह बढ़कर 1 लाख 88 हजार 212 रुपए हो गया है। लगभग 900 नियमित कर्मचारी और 600 एग्जीक्यूटिव इस फैसले से लाभान्वित होंगे। बोनस की राशि दशहरा से पहले सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी।
- Advertisement -
जानकारी के अनुसार आईआर हेड विजय चंद्रा की मौजूदगी में यूनियनों की बैठक संपन्न हुई। प्रबंधन ने शुरुआत में केवल 11 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, यूनियन प्रतिनिधियों ने एक राय से इसे अपर्याप्त बताते हुए 15 प्रतिशत वृद्धि पर जोर दिया। लगभग डेढ़ घंटे चली बातचीत के बाद यूनियनें अपने प्रस्ताव पर अडिग रहीं। इसके बाद प्रबंधन ने इंटक यूनियन से अलग चर्चा की और अंततः सभी के सुझावों को मानते हुए 15 प्रतिशत वृद्धि पर सहमति बन गई।