NOW HINDUSTAN. Korba. बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के पक्ष में आए प्रचंड और अभूतपूर्व जनादेश की गूंज कोरबा तक सुनाई दी। इस कड़ी में टी.पी. नगर चौक देशभक्ति, उत्साह और गर्व से सराबोर दिखाई दिया, जहाँ भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा इस विजय पर भव्य उत्सव और विजयोत्सव समारोह आयोजित किया गया। ढोल–नगाड़ों की ताल, आसमान में गूंजते आतिशबाज़ी के धमाके, और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘जय भाजपा’ के नारों ने पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और ढोल की थाप पर उत्साहपूर्वक थिरकते नज़र आए।
- Advertisement -
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर और अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इज़हार किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि बिहार की यह जीत केंद्र और बिहार दोनों में सुशासन, विकास और जनकल्याण की निर्णायक जीत है।
बिहार की जनता ने सत्य, विकास और स्थिरता के पक्ष में सुनाया फैसला-भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी
एनडीए की शानदार जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा की “यह जीत बिहार की जनता के अटूट विश्वास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनके अथाह प्रेम, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन और भाजपा संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं की सतत मेहनत का परिणाम है। विपक्ष द्वारा ‘वोट चोरी’ जैसे काल्पनिक आरोप लगाकर लोकतंत्र को कलंकित करने की कोशिश को जनता ने करारा जवाब दिया है। यह जनादेश प्रमाण है कि जनता भ्रम, झूठ और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकारती है। यह जीत राष्ट्रीय राजनीति को नई दिशा देने वाली है और देश में विकास की रफ़्तार को और तेज करेगी।”
नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा की “यह जीत विकास और राष्ट्रहित की राजनीति पर जनता की मुहर है। बिहार की यह ऐतिहासिक विजय जनता की जागरूकता, समझदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना का प्रमाण है। बिहार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि देश तभी आगे बढ़ता है जब जनता विकास, नीतियों और सुशासन को चुनती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने स्थिरता और विकास की राह को मजबूती से चुना है। यह जनादेश पूरे देश में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला है।”
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, महामंत्री युवा मोर्चा नरेंद्र देवांगन, संजय शर्मा, मंजू सिंह, लक्ष्मण श्रीवास , विकास झा, रेणुका राठिया, मुकेश कुमार झा, राम अवतार पटेल, लक्की नंदा, अजय पांडेय, नवीन अरोरा, विवेक मार्कण्डेय, सतीश झा, अजय दुबे, प्रकाश अग्रवाल, अनिल वस्त्रकर, जगदीश श्रीवास, रामकुमार त्रिपाठी, राकेश नागरमल, सनी सिंह, सहित सभी मंडल अध्यक्षगण और अनेक भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।