सुशासन सप्ताह – प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत तिलकेजा में लगा जनसमस्या निवारण शिविर…….

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba.  भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के तत्वावधान में आयोजित “सुशासन सप्ताह – प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत तिलकेजा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

- Advertisement -

जिला कलेक्टर  कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 से अधिक आवेदन एवं मांग पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। शिविर में कुछ प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया।

कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुँचे, साथ ही सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह – प्रशासन गांव की ओर अभियान का आयोजन 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण स्तर पर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा सुशासन को सुदृढ़ करना है।

शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त हो रहा है।

जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ श्री खगेश निर्मलकर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड चस्पा किए जा रहे हैं, जिन्हें स्कैन कर ग्रामीण अपने मोबाइल से कार्य स्वीकृति, मजदूरी भुगतान, किश्त प्राप्ति एवं निर्माण की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई एवं कृषि बीजों का वितरण किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।

जिला पंचायत सीईओ, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, जन प्रतिनिधि एवं सरपंचों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया।

Share this Article