NOW HINDUSTAN. Korba. रायपुर: लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) में आज शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ और विभागीय अधिकारियों के बीच एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में संघ ने व्यायाम शिक्षकों की पदोन्नति, शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य विषय बनाने और भत्ते बढ़ाने समेत 10 सूत्रीय मांगों पर उप संचालक श्री आशुतोष चावरे के साथ गंभीर चर्चा की।
- Advertisement -
अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान उप संचालक श्री आशुतोष चावरे ने संघ की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारी श्री संजय शुक्ला और श्री शैलेश शर्मा को निर्देशित किया। उन्होंने इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने और आवश्यक आदेश तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में संघ द्वारा निम्नलिखित 10 बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया:
*पदोन्नति में वन टाइम रिलैक्सेशन:* सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी/व्याख्याता पद पर पदोन्नति हेतु एल.बी. संवर्ग को शामिल करते हुए वरिष्ठता सूची जारी की जाए और ‘वन टाइम रिलैक्सेशन’ प्रदान किया जाए।
*अनिवार्य विषय का दर्जा:* शारीरिक शिक्षा विषय को पाठ्यक्रम में ‘अनिवार्य विषय’ के रूप में शामिल किया जाए।
*ट्राइबल संवर्ग को मौका:* ट्राइबल संवर्ग के व्यायाम शिक्षकों को सहायक कोच/कोच के पदों पर पदोन्नति दी जाए।
*अध्यापन से मुक्ति:* व्यायाम शिक्षकों को अन्य विषयों के अध्यापन कार्य से मुक्त रखा जाए ताकि वे खेल गतिविधियों पर ध्यान दे सकें।
*भोजन भत्ता वृद्धि:* राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का भोजन भत्ता बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किया जाए।
*ऑनलाइन हाजिरी में छूट:* व्यायाम शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति से मुक्त रखा जाए अथवा उनके लिए ‘ऑन ड्यूटी’ (OD) का विकल्प दिया जाए।
प्रभारी नियुक्ति: विकासखंड, जिला और जेडी ऑफिस में वरिष्ठता के आधार पर ही प्रभारी नियुक्त किए जाएं।
*दल प्रबंधक की नियुक्ति:* सभी खेल प्रतियोगिताओं में नियमित और अनुभवी व्यायाम शिक्षकों को ही दल प्रबंधक बनाया जाए।
*क्रय समिति में भागीदारी:* खेल सामग्री क्रय समितियों में संघ के सदस्यों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
*गुणवत्तापूर्ण गणवेश:* खिलाड़ियों के गणवेश (ट्रैक सूट, जर्सी, किट, जूते आदि) की गुणवत्ता मानक स्तर की हो और अच्छी खरीदी सुनिश्चित की जाए।
*स्कूल नेशनल गेम्स से पहले आंदोलन की चेतावनी*
चर्चा सकारात्मक रही, लेकिन शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने विभाग को स्पष्ट चेतावनी भी दी है। संघ ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द अमल कर आदेश जारी नहीं किए गए, तो छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले आगामी ‘स्कूल नेशनल टूर्नामेंट’ से पहले ही शिक्षक ‘व्हीसल डाउन’ (Whistle Down) करेंगे और काम बंद कर देंगे।
संचालनालय में आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रितेश सिंह, हरीश देवांगन, महासचिव मृत्युंजय शर्मा, उपाध्यक्ष प्रभाकर सिंह, कोषाध्यक्ष सनत कालेलकर, कमल निकुंज, महेश शर्मा, विजय चौहान, फकीरा यादव एवं अभिषेक गुप्ता उपस्थित रहे।

