NOW HINDUSTAN. Korba. जांजगीर-चांपा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के चतुर्थ सप्ताह के तहत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में आयोजित अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल, OTP की गोपनीयता तथा बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही शिक्षकों को “साइबर शिक्षक” बनकर साइबर सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
“मैं हूं साइबर शिक्षक” बना आकर्षण
पुलिस द्वारा चलाए गए “मैं हूं साइबर शिक्षक” अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी मिली। शिक्षकों सहित अन्य नागरिकों ने अभियान के समर्थन में सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड की। अभियान के तहत 800 से अधिक सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जिससे साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम सरखो के उत्कृष्ट कॉलेज और जांजगीर स्थित प्रदान अकादमी कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के मामले में सावधानी बरतने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने “मैं हूं साइबर शिक्षक” की सेल्फी लेकर अभियान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

