
NOW HINDUSTAN. कोरबा। चक्रवात ARNAB के संभावित प्रभाव को देखते हुए कोरबा जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, अब शिक्षकों के लिए भी अवकाश घोषित करने की मांग उठने लगी है। शालेय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वेदव्रत शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए शिक्षक संवर्ग के लिए भी अवकाश घोषित किया जाए।
वेदव्रत शर्मा ने कहा कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती तूफान ARNAB को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके प्रभाव से जिले में संभावित वर्षा, तेज हवा और अन्य प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे में शिक्षकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोरबा जिला चक्रवात के ऑरेंज अलर्ट क्षेत्र में शामिल है। जिले का बड़ा हिस्सा वनांचल क्षेत्र में आता है, जहां तेज हवा और अत्यधिक वर्षा के कारण आवागमन में परेशानी के साथ अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसी परिस्थितियों में शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने के दौरान जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।
श्री शर्मा ने बताया कि अन्य सीमावर्ती जिलों में भी मौसम की चेतावनी को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों में पूर्ण अवकाश घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। यहां तक कि येलो अलर्ट वाले कुछ जिलों में भी अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे में कोरबा जिले में भी शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित किया जाना उचित होगा।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया है कि मौसम की गंभीरता और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षक संवर्ग के लिए भी अवकाश घोषित करने के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाए।




