उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया ब्रांड का अनावरण, महिला स्व सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा बाजार
NOW HINDUSTAN. कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2026 में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में बिहान स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के लिए ‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का अनावरण किया।

इस पहल से अब बिहान की दीदियों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को एक साझा ब्रांड के नाम से बाजार में पहचान मिलेगी। ब्रांडिंग के माध्यम से उत्पादों के बेहतर विपणन और बिक्री के अवसर बढ़ेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ उनके स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।
‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास (DMF) मद से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। इस ब्रांड के तहत जिले के महिला स्व सहायता समूहों द्वारा पिछले तीन महीने से विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। अब इन उत्पादों को व्यवस्थित ब्रांडिंग के साथ बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत जिले में कराए जा रहे विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की गतिविधियों और बिहान समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की पहल को सराहनीय बताया।
‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड की शुरुआत कोरबा जिले की ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
