NOW HINDUSTAN. कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत 13वीं बटालियन मड़वारानी में पदस्थ एक आरक्षक के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। आरक्षक कन्ना गटपल्ली बीते 5 अक्टूबर 2026 की शाम से लापता हैं। करीब एक माह बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया है। पिता की तलाश में उनका पुत्र महेश कुमार गटपल्ली अपने एक सहयोगी के साथ बीजापुर से कोरबा पहुंचा है और लगातार उनकी खोजबीन कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्ना गटपल्ली (लगभग 49 वर्ष), पिता बाल्लैया गटपल्ली, निवासी शांति नगर, नगर पालिका बीजापुर, जिला बीजापुर के रहने वाले हैं। वे 13वीं बटालियन मड़वारानी में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वे बटालियन से बिना किसी को बताए कहीं चले गए थे। इसके बाद से उनका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है और न ही उनके संबंध में कोई जानकारी मिली है।
पुत्र और सहयोगी कर रहे तलाश
आरक्षक के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं। उनके पुत्र महेश कुमार गटपल्ली अपने एक सहयोगी के साथ बीजापुर से कोरबा पहुंचकर पिता की तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरक्षक कन्ना गटपल्ली दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिवार को सूचित करें। जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
उरगा थाने में गुमशुदगी दर्ज
परिजनों की सूचना पर थाना उरगा में गुम इंसान क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक दीपक कुमार कश्यप (क्रमांक 219) को सौंपी गई है।
एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद आरक्षक का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजन अब आम लोगों से सहयोग की अपील कर रहे हैं।
