गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और पिकअप वाहन जब्त, 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने सुरक्षाकर्मियों को बनाया था बंधक
NOW HINDUSTAN. कोरबा। एसईसीएल बांकी नंबर-4 खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान और पाइप की लूट करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने एसईसीएल बांकी नंबर-4 खदान परिसर में धावा बोल दिया था। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर की मदद से स्टोर में रखे लोहे के रैक और एसईसीएल संपत्ति के पाइप काटकर चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरक्षा कर्मियों के मोबाइल फोन वापस कर फरार हो गए थे।
घटन के संबंध में 28 अक्टूबर को सुरक्षा गार्ड की रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 223/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप वाहन चालक और कबाड़ दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।
जांच में डकैती से प्राप्त संपत्ति के निपटान और खरीद-बिक्री में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 317(3) एवं 317(5) बीएनएस भी जोड़ी। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस वारदात में 10 से 12 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
