शरीर में कमर से छाती तक तार लपेटकर बाहर निकलने की कोशिश; सिक्योरिटी गार्डों ने पकड़ा, पुलिस ने कटर और हेक्सा ब्लेड भी किए जब्त
NOW HINDUSTAN. कोरबा। बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी का मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दो युवकों ने प्लांट परिसर में खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटकर उसका प्लास्टिक कवर हटाया और तार को अपने शरीर में लपेटकर बाहर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान प्रोजेक्ट गेट के पास सिक्योरिटी गार्डों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 15 नवंबर की रात 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच की है। बालको प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर केबल काटी गई थी। आरोप है कि पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) ने केबल से प्लास्टिक का हिस्सा छीलकर तांबे के तार को अपने शरीर में कमर से छाती तक लपेट लिया था। ऊपर से कपड़े पहनकर वे प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी सिक्योरिटी गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ ने उन्हें पकड़ लिया।
*49.280 किलो कॉपर केबल बरामद*
शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद कॉपर केबल का वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से कराने पर 49.280 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 49,280 रुपये बताई गई है। केबल AIFL कंपनी की बताई गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत के ऊपर से छिले हुए प्लास्टिक कवर प्राप्त किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की योजना बनाने और घटना को अंजाम देने की बात बताई। उनके कब्जे से चोरी का कॉपर केबल, कटर और हेक्सा ब्लेड भी जब्त किए गए हैं।
*चोरी की योजना बनाकर प्लांट में घुसने का आरोप*
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि रविवार को अधिकांश कर्मचारियों के अवकाश पर रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोप है कि ड्यूटी नहीं होने के बावजूद गेट पास कार्ड के माध्यम से प्लांट में प्रवेश किया और रात में सुनसान स्थान देखकर केबल काटी। इसके बाद तार को शरीर में लपेटकर बाहर निकलने की कोशिश की।
बालको सयंत्र के आसपास संचालित कबाड़ दुकानों में सयंत्र से चोरी के समान को खपाने की आशंका ।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की पूर्व योजना बनाए जाने के तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है।
