4,336 कैप्सूल, 2,315 टैबलेट, 145 इंजेक्शन और सिरप भी किए गए नष्ट
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई कार्रवाई
NOW HINDUSTAN. कोरबा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नारकोटिक्स एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का बालको प्लांट में विधिवत नष्टीकरण किया गया। इस दौरान कुल 74.514 किलोग्राम गांजा सहित हजारों नशीली टैबलेट और कैप्सूल समेत अन्य मादक पदार्थ नष्ट किए गए।
नष्टीकरण की कार्रवाई में जब्त सामग्री के रूप में 4,336 कैप्सूल, 2,315 टैबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल सिरप भी शामिल रहे। ये मादक पदार्थ रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे।
ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में बालको प्लांट परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक तथा संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि कोरबा पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण समय-समय पर कराया जाता रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित और विधिसम्मत निपटान सुनिश्चित करना है।
