NOW HINDUSTAN. कोरबा। बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब छोटे व्यापारियों की शिकायत पर महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं और नगर निगम के कर्मचारियों को वहां से वाहन हटाने के निर्देश दिए। निगम कर्मचारियों द्वारा उनकी बात नहीं माने जाने पर महापौर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इस घटनाक्रम के बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे। अंततः सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार और उसके आसपास सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में निगम कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे, जहां स्थानीय विक्रेताओं के साथ उनका विवाद हो गया। इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इसके विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।
शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर व्यवसाय करने पहुंचे छोटे दुकानदारों ने देखा कि उनकी पसरी और दुकानों के आसपास निगम के वाहन खड़े हैं। इससे उन्हें व्यवसाय करने में परेशानी हो रही थी। दुकानदारों ने इसकी शिकायत महापौर संजू देवी राजपूत से की। शिकायत मिलते ही महापौर तत्काल बुधवारी बाजार पहुंचीं और निगम कर्मचारियों को वहां से वाहन हटाने के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि जब उनके निर्देशों पर तत्काल अमल नहीं हुआ तो महापौर ने नाराजगी जताते हुए सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। उनके इस कदम के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी वाहनों को हटवाया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को एकरूपता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। सभी व्यापारियों को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
महापौर के विरोध और धरने के बाद निगम अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से वाहन हटवा दिए। इसके बाद महापौर ने अपना धरना समाप्त किया और वहां से रवाना हो गईं।
