NOW HINDUSTAN. कोरबा। मुख्यमंत्री से सकारात्मक चर्चा एवं मांगों के निराकरण के आश्वासन के बाद राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने 41 दिनों से जारी हड़ताल स्थगित कर दी है। जिला इकाई कोरबा ने भी आज से हड़ताल समाप्त कर कल से नियमित शासकीय कार्यों में लौटने का निर्णय लिया है।
प्रांतीय अध्यक्ष भागवत प्रसाद कश्यप एवं प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पदोन्नति और वेतन विसंगति के निराकरण के लिए शीघ्र कमेटी गठन का आश्वासन मिला। कमेटी में पटवारियों की राय भी शामिल की जाएगी। वहीं, हड़ताल अवधि में पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्यवाहियों को निरस्त करने के लिए जल्द आदेश जारी करने का भरोसा दिया गया है।
जिला इकाई ने कल से सभी पटवारियों को अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित होकर नियमित कामकाज शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 41 दिनों के आंदोलन में सहयोग और समर्थन देने वाले सभी कर्मचारी संगठनों के प्रति आभार जताया है।
