ओपन थिएटर घंटाघर में धर्मसेना का भव्य आयोजन, महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज, दीदी मां प्रज्ञा भारती और प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित कई प्रमुख हस्तियां हुईं शामिल
21 श्रेणियों में धर्म, संस्कृति, गौसेवा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वालों के सम्मान का आयोजन, शंखनाद और हनुमान चालीसा से हुआ शुभारंभ
NOW HINDUSTAN. कोरबा रविवार का दिन कोरबा के लिए यादगार रहा। शहर के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में धर्मसेना एवं मातृशक्ति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर धर्मप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीम चरक द्वारा शंखनाद से किया गया। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। शंख की गूंज और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा ओपन थिएटर मैदान भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद जी महाराज, दीदी मां प्रज्ञा भारती, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, डॉ. अशोक हरिवंश, आचार्य राकेश जी महाराज, पंडित अजय उपाध्याय जी महाराज और अंजू गभेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। संतों और अतिथियों ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता, जनजातीय समाज की पहचान, धर्मांतरण और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार रखे।
संतों ने सनातन संस्कृति और धर्मरक्षा का दिया संदेश
मुख्य वक्ताओं में शामिल आचार्य राकेश जी महाराज ने अपने संबोधन में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और धर्मरक्षा के इतिहास में संतों एवं सन्यासियों के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अनेक संतों ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष किया। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद जी महाराज और अन्य धर्मरक्षा से जुड़े व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए समाज को अपने इतिहास और बलिदानों से प्रेरणा लेने की बात कही।
उन्होंने प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के परिवार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने जनजातीय क्षेत्रों में घर वापसी अभियान के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए कार्य किया। उन्होंने नागा, मिजो और मैतेई समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रखने के लिए समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
डॉ. अशोक हरिवंश ने उठाया जनजातीय समाज और धर्मांतरण का मुद्दा
डॉ. अशोक हरिवंश ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड के संदर्भ में जनजातीय समाज तथा धर्मांतरण के विषय पर विचार रखे। उन्होंने जनजातीय समाज के शैक्षणिक, प्रशासनिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज को अपने अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने जनजातीय समाज के नेता कार्तिक उरांव की पुस्तक ‘बीस वर्ष की काली रात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पुस्तक में धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। उन्होंने आईएएस और आईपीएस सेवाओं में जनजातीय वर्ग के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इस विषय पर समाज में व्यापक चर्चा और जागरूकता की आवश्यकता है।
उन्होंने वर्ष 1951 और 2011 की जनगणना के आंकड़ों का हवाला देते हुए हिंदू आबादी के प्रतिशत में आए बदलाव पर चिंता जताई। अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में उन्होंने सनातन संस्कृति के वसुधैव कुटुंबकम के संदेश और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख किया।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने रखा एक लाख घर वापसी का लक्ष्य
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कोरबा से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जब जांजगीर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हुआ करते थे, तब कोरबा भी उसी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा था। कोरबा की जनता ने उनके पिता को भरपूर स्नेह और सम्मान दिया था। उस समय लोगों का नारा था– “राजा नहीं फकीर है, छत्तीसगढ़ का वीर है।”
उन्होंने कहा कि उनके पिता ने राजसी जीवन को पीछे छोड़कर सनातन धर्म के संरक्षण और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान के लिए कार्य किया। घर वापसी अभियान के दौरान उन्होंने लोगों के चरण पखारकर और माथे पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया था। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि वे अपने पिता के इसी अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने धर्मांतरण को राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए इसे ‘धर्मांतरण से राष्ट्रांतरण’ बताया और समाज को संगठित होने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा धर्मांतरण के विरुद्ध लाए गए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में एक लाख से अधिक लोगों की घर वापसी का लक्ष्य रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस दिशा में संत समाज और सामाजिक संगठनों का सहयोग महत्वपूर्ण होगा।
दीदी मां प्रज्ञा भारती ने कहा– हिंदू समाज को अब जागने की जरूरत
दीदी मां प्रज्ञा भारती ने अपने ओजस्वी संबोधन में हिंदू समाज को अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को समझने का आह्वान किया। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान का उल्लेख करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए कार्यों की मशाल आज उनके पुत्र आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की चेतना को जगाने का अवसर है। उन्होंने चिंता जताई कि समाज अक्सर संकट सामने आने के बाद ही जागता है। गौमाता की रक्षा और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में लगे लोगों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने समाज से ऐसे कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने की अपील की।
उन्होंने कहा, “मैं यहां केवल भाषण देने नहीं, बल्कि आपकी चेतना को झकझोरने आई हूं। उठो, जागो और पहचानो कि तुम कौन हो।”
उन्होंने भारतीय ऋषि परंपरा, क्षत्रिय शौर्य, गंगा, हिमालय और सनातन संस्कृति की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों तक अपनी संस्कृति और संस्कार पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
दीदी मां ने धर्मसेना और मातृशक्ति के युवाओं की प्रशंसा करते हुए आयोजन की सूत्रधार अंजू गभेल के समर्पण और सक्रियता का उल्लेख किया। उन्होंने डॉ. अशोक हरिवंश के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की और मां सर्वमंगला से उनके संकल्पों की पूर्ति की कामना की।
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने किया सामाजिक एकता का आह्वान
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद जी महाराज ने अपने संबोधन की शुरुआत छत्तीसगढ़ की भूमि और माता शबरी के प्रेम को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि माता शबरी के प्रेम और श्रद्धा के आकर्षण के कारण वे इस प्रदेश में आए हैं। उन्होंने मंच पर उपस्थित संतों, अतिथियों और आयोजन समिति के सदस्यों का अभिवादन किया।
उन्होंने प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद करते हुए कहा कि बच्चों में ऐसे संस्कार देने चाहिए कि वे अपने माता-पिता और पूर्वजों का नाम रोशन करें। उन्होंने डॉ. अशोक हरिवंश के राम मिलेंगे आश्रम से जुड़े कार्यों की सराहना की और कहा कि भगवान श्रीराम की भक्ति का आदर्श हनुमान जी के जीवन से सीखा जा सकता है। सच्ची भक्ति में समर्पण, सेवा और निष्ठा का भाव होना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने सनातन धर्म की परिभाषा और उसकी प्रकृति पर विस्तार से विचार रखे। सूर्य, वायु, जल और प्रकृति की पूजा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति सम्मान एवं संवेदना का संदेश देती है। उन्होंने चींटियों को आटा डालने जैसी परंपराओं का उदाहरण देकर जीवों के प्रति करुणा को भारतीय संस्कृति की विशेषता बताया।
धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग आर्थिक और अन्य प्रलोभन देकर सीधे-साधे लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने मछली पकड़ने के लिए चारे का उदाहरण देते हुए लोगों को लालच से सावधान रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि धर्मरक्षा का दायित्व केवल संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का है।
जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ भी उठाई आवाज
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने अपने संबोधन में जातिगत भेदभाव और छुआछूत के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जाति के आधार पर किसी को बड़ा या छोटा मानता है तो इसकी जानकारी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और संत समाज के आचार्यों तक पहुंचाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज में छुआछूत और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। यदि कहीं इस तरह की प्रथा का पालन किया जा रहा है तो उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक समानता और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर एक साथ आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने गांव, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में यदि कहीं प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो इसकी जानकारी धर्मसेना और संबंधित सामाजिक कार्यकर्ताओं को दें। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में है।
अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के संदेश का उल्लेख करते हुए सभी के कल्याण की कामना की और ठाकुर जी से उपस्थित जनसमूह की रक्षा एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

21 श्रेणियों में सम्मान का आयोजन
इस सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, गौसेवा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों एवं संगठनों को 21 श्रेणियों में सम्मानित करने की रूपरेखा रखी गई। इनमें गौ सेवक एवं गौ रक्षक, मठ-मंदिरों के पुजारी, कथा वाचक, रामायण एवं भजन मंडली, सुंदरकांड मंडली, गणेश एवं दुर्गा उत्सव समितियां, समाज प्रमुख, धार्मिक संगठन, योग आचार्य, भारतीय सेना के जवान और विभिन्न सांस्कृतिक समितियां शामिल रहीं।
आयोजन के माध्यम से धर्मसेना और मातृशक्ति ने धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। हजारों लोगों की उपस्थिति और संतों एवं अतिथियों के संबोधन के साथ कोरबा का यह सम्मेलन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विमर्श का बड़ा आयोजन बना।
