NOW HINDUSTAN. कोरबा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा के कक्षा आठवीं के छात्र श्रेयश साहू ने पावर ग्रिड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार 7,500 रुपये का नगद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
21 नवंबर 2026 को पावर ग्रिड, कुम्हारी, रायपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ था। श्रेयश ने निर्धारित दो घंटे में अपनी उत्कृष्ट चित्रकला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में पूरे छत्तीसगढ़ से लगभग 1,500 विद्यार्थियों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी थीं, जिनमें से श्रेणी ‘अ’ एवं ‘ब’ के 50-50 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था। इनमें श्रेयश ने भी स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि श्रेयश की बड़ी बहन श्रेया साहू भी इसी प्रतियोगिता में लगातार तीन बार पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। उनके पिता श्री घनश्याम साहू डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा में विद्युतकर्मी तथा माता श्रीमती नर्मदा साहू शासकीय प्राथमिक शाला, अंधरीकछार में शिक्षिका हैं। माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन से दोनों भाई-बहन अपनी कलात्मक प्रतिभा को निखार रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री रजनीश तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक, पावर ग्रिड पश्चिम क्षेत्र, नागपुर तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती सोमा घोष, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, रायपुर एवं श्री निहाल रंजन साहू, वरिष्ठ परियोजना समन्वयक, क्रेडा, छत्तीसगढ़ शासन उपस्थित रहे।
श्रेयश इससे पूर्व भी कई राज्य एवं जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, परिजनों एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
