बेमौसम बारिश ने खोली गुणवत्ता की पोल, ठेकेदार और जिम्मेदार इंजीनियरों की निगरानी कटघरे में
NOW HINDUSTAN कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल इन दावों की जमीनी हकीकत सामने ला रहे हैं। राताखार में करीब दो करोड़ रुपये की नाली निर्माण परियोजना पर सवाल उठने के बाद अब वार्ड क्रमांक 12 की वासन नहर गली में करीब 75 लाख रुपये की लागत से बनी डामरीकरण सड़क की गुणवत्ता विवादों में आ गई है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का ठेका भवानी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। निर्माण पूरा होने के महज सप्ताहभर के भीतर ही सड़क की ऊपरी परत कई जगह उखड़ने लगी और गिट्टियां बाहर नजर आने लगीं। बेमौसम बारिश के बाद सड़क की हालत और बिगड़ने से निर्माण में इस्तेमाल सामग्री तथा तकनीकी मानकों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बारिश के बाद सामने आई खामियां
स्थानीय स्तर पर सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई जा रही है। लोगों का सवाल है कि आखिर लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क इतनी जल्दी खराब कैसे होने लगी? क्या डामरीकरण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया गया था? सड़क निर्माण में सामग्री की गुणवत्ता, मोटाई और दबाई (कम्पैक्शन) की प्रक्रिया की जांच हुई थी या नहीं?
इंजीनियरों की निगरानी पर भी सवाल
निर्माण कार्यों में ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित इंजीनियरों की निगरानी भी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सड़क निर्माण के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों ने कितनी बार स्थल निरीक्षण किया और गुणवत्ता परीक्षण कराया या नहीं, यह जांच का विषय है। शहर के विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया कितनी प्रभावी है, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
विकास के दावों पर गुणवत्ता की चुनौती
एक ओर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय शहर के विकास और व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों में सामने आ रही कथित खामियां विकास की गति और उसकी गुणवत्ता के बीच संतुलन पर सवाल खड़ा करती हैं।
अब निगम प्रशासन से अपेक्षा है कि वासन नहर गली की सड़क का मौके पर निरीक्षण कर तकनीकी गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए। यदि निर्माण में गड़बड़ी प्रमाणित होती है, तो संबंधित ठेकेदार से नियमानुसार सुधार कार्य कराया जाए और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो, ताकि जनता की मेहनत की कमाई से खर्च हो रही सरकारी राशि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।
