NOW HINDUSTAN. कोरबा। सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बालिका की मां की शिकायत पर अपराध क्रमांक 991/2026 दर्ज कर संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 10 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पीड़िता एवं उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल का निरीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण और सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट के माध्यम से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और गोपनीयता बनाए रखें।
