NOW HINDUSTAN. कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर ईगल विजन इंटरनेशनल स्कूल, कोरबा के कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों को जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, न्यायपालिका की कार्यप्रणाली तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की व्यावहारिक जानकारी देना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं जिला अधिवक्ता संघ के ग्रंथालय सचिव क्रांति श्रीवास ने भी छात्रों को न्यायिक प्रक्रिया और कानून से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष यादव एवं प्राचार्य श्रीमती अनीता राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में गणित शिक्षिका अंजली कश्यप, हिंदी शिक्षिका आभा एवं श्रीमती चेतना प्रधान भी उपस्थित रहीं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, न्यायाधीशों की भूमिका और भारतीय लोकतंत्र में न्यायपालिका के महत्व को समझा। उन्हें माननीय न्यायाधीशों से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर भी मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए न्यायालय प्रशासन एवं सभी माननीय न्यायाधीशों के प्रति आभार जताया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। इससे उनमें संविधान, लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूकता एवं सम्मान की भावना विकसित हुई।
