15 दिनों के भीतर दो संदिग्ध घटनाओं का हवाला, अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा और प्रभावी एस्कॉर्ट की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
NOW HINDUSTAN. Korba. बिलासपुर। परम श्रद्धेय स्वामी शिवानंद जी महाराज की सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर श्री अद्वैत परमहंस सेवा समिति एवं जनकल्याण संस्थान, बेलगहना के नेतृत्व में 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाराज जी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, प्रभावी एस्कॉर्ट और आश्रम परिसर की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे सिद्ध बाबा आश्रम, सोनसाय नवागांव में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय बेलगहना चौकी क्षेत्र में महाराज जी के काफिले पर अज्ञात लोगों ने पथराव किया। इस घटना में काफिले के साथ चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
श्रद्धालुओं ने 7 नवंबर की रात हुई एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर बेलगहना आश्रम में प्रवेश कर महाराज जी के निजी कक्ष तक पहुंच गया था। इस संबंध में 10 नवंबर को पुलिस में शिकायत भी की गई थी।दावा किया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां आश्रम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि बेलगहना आश्रम से देश के विभिन्न राज्यों में संचालित करीब 36 आश्रमों एवं शाखाओं का संचालन होता है। महाराज जी को धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए लगातार प्रवास करना पड़ता है। ऐसे में उनके आवागमन और प्रवास स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की जरूरत है।
