NOW HINDUSTAN | कोरबा रायपुर, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी की तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में कोरबा पश्चिम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल, युगल और टीम स्पर्धा सहित सभी मुकाबलों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एम.एस. चौहान तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य अभियंता एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अध्यक्ष संजीव सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने कहा कि खेल से कर्मचारियों में अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी समन्वय और टीम भावना मजबूत होती है। निरंतर अभ्यास और खेल भावना ही सफलता का आधार है।

एकल स्पर्धा में कोरबा पश्चिम के हर्षल विश्वकर्मा विजेता रहे, जबकि विकल्प तिवारी उपविजेता बने। युगल मुकाबले में हर्षल विश्वकर्मा और सुनील सिंह की जोड़ी ने खिताब जीता। विकल्प तिवारी और अतुल राय की जोड़ी उपविजेता रही। टीम स्पर्धा में भी कोरबा पश्चिम ने बाजी मारी, जबकि दुर्ग की टीम उपविजेता रही।
इस अवसर पर लॉन टेनिस के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देने वाले कार्यपालक निदेशक एम.एस. चौहान और जनरेशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार इंगले को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान के लिए रेफरी संजय टांडी और आर्य एक्का को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में अधीक्षण अभियंता महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता प्रशांत कुमार, आकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के सचिव विनय चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया।
