शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, परिजनों को धमकी और पीछा करने का भी आरोप; नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
NOW HINDUSTAN जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर युवती को अश्लील संदेश भेजने, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और AI डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में नवागढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा (25 वर्ष), निवासी सेमरा, थाना नवागढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इसके माध्यम से उसे अश्लील संदेश भेजे जा रहे थे और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोपी पर पीड़िता के परिजनों को फोन कर धमकाने, बाजार और घर के आसपास पीछा करने तथा गाली-गलौच करने का भी आरोप है।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी AI और डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा फॉलोअर्स बढ़ाकर बदनाम करने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के कार्यस्थल का पता निकालकर वहां पहुंचने की धमकी भी दी थी।
मामले में नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 78(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D), 67 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वह फरार हो गया।
मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 28 नवंबर को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित नवागढ़ थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
